सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह संपन्न, कैडेटों ने दिखाई प्रतिभा

अंबिकापुर  । सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 18वां स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में विद्यालय की 18 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और कैडेटों की प्रतिभा को विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल रहे।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर से हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और केक काटकर स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। इस अवसर पर सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

वार्षिक रिपोर्ट में बताई विद्यालय की उपलब्धियां

विद्यालय के प्राचार्य कर्नल राजेश बैंदा ने सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ खेलकूद, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और विभिन्न क्षेत्रों में कैडेटों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की जानकारी दी।

कैडेटों ने स्वागत गीत, छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, प्रेरणादायक मूक अभिनय, देशभक्ति समूहगान और भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

‘संस्कृत ऐप’ का किया गया अवलोकन

मुख्य अतिथि श्री राजेश अग्रवाल ने विद्यालय की सत्र 2025-26 की पत्रिका का विमोचन किया। इसके साथ ही संस्कृत शिक्षक श्री सौरभ कुमार जैन के मार्गदर्शन में कैडेटों द्वारा विकसित ‘संस्कृत ऐप’ का भी अवलोकन किया गया। अतिथियों ने ऐप की उपयोगिता और कैडेटों की इस पहल की सराहना की।

उत्कृष्ट कैडेट और हाउस हुए सम्मानित

समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ सह-पाठ्यक्रम हाउस का सम्मान कटारी हाउस और अरिहंत हाउस को मिला। खेलकूद में भी कटारी हाउस और अरिहंत हाउस को ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं शैक्षणिक क्षेत्र में अर्जुन सिंह हाउस और तेजस हाउस को सर्वश्रेष्ठ अकादमिक हाउस का पुरस्कार दिया गया।

विद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, स्टाफ और जनरल कर्मचारियों को भी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और विद्यालय के विकास में योगदान के लिए कमेंडेशन प्रदान किया गया।

अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सैनिक स्कूल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कैडेटों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल विद्यार्थियों में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कैडेटों से इन मूल्यों को आत्मसात कर देश के जिम्मेदार और गौरवशाली नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास के आभार प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *