ई-ऑफिस संचालन में स्वास्थ्य विभाग अव्वल, तिमाही के साथ जुलाई में भी हासिल किया पहला स्थान

रायपुर । लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने ई-ऑफिस के जरिए नस्तियों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मई, जून और जुलाई 2026 की तिमाही में छत्तीसगढ़ मंत्रालय स्तर पर विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं जुलाई माह में भी विभाग ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।

विभाग की इस उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है।

टीम भावना और प्रतिबद्धता का परिणाम

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम भावना, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता, ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग और नस्तियों के समयबद्ध निराकरण का परिणाम है।

मंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों से इसी ऊर्जा और समन्वय के साथ आगे भी कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही को और मजबूत किया जाए तथा आमजन से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग की यह उपलब्धि प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग और बेहतर कार्यप्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *