छतौद में फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीण लामबंद, ग्राम सभा ने NOC देने से किया इनकार

तिल्दा नेवरा। ग्राम पंचायत छतौद में तारणी स्टील LLP द्वारा औद्योगिक प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव का ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध किया है। कंपनी की ओर से गांव की करीब 27 एकड़ भूमि में प्लांट लगाने के लिए ग्राम पंचायत से NOC मांगी गई थी। इसके विरोध में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से NOC नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया।

ग्रामीणों ने कहा कि गांव की जमीन केवल उद्योगों के लिए नहीं, बल्कि कृषि, पशुधन और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। उनका कहना है कि उद्योग के नाम पर गांव की जमीन को निजी कंपनी के उपयोग में देने का फैसला उन्हें स्वीकार नहीं है।

तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसमें छतौद में किसी भी प्रकार के औद्योगिक प्लांट या फैक्ट्री की स्थापना की अनुमति नहीं देने की मांग की गई।

ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें विकास से आपत्ति नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर कृषि भूमि, पर्यावरण और गांव के भविष्य से समझौता मंजूर नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि छतौद की भूमि को भविष्य में औद्योगिक प्रयोजनों के लिए चिन्हित या आवंटित न किया जाए तथा चारागाह और कृषि उपयोग की भूमि को सुरक्षित रखा जाए।

अस्पताल, स्कूल और कॉलेज बनाने की मांग

ग्रामीणों ने कहा कि यदि शासन को क्षेत्र में कोई निर्माण करना है तो अस्पताल, कॉलेज, स्कूल अथवा अन्य जनहितकारी सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि इसका लाभ पूरे क्षेत्र के लोगों को मिल सके। निजी उद्योग के लिए गांव की जमीन और चारागाह के उपयोग का ग्रामीणों ने विरोध जारी रखने की बात कही।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि ग्राम सभा के प्रस्ताव और ग्रामीणों की भावनाओं की अनदेखी कर फैक्ट्री स्थापित करने या भूमि का औद्योगिक उपयोग करने का प्रयास किया गया, तो व्यापक स्तर पर विरोध किया जाएगा।

इस दौरान ग्रामवासी, पंचायत प्रतिनिधि, विधायक प्रत्याशी महेश साहू, जिला पंचायत प्रत्याशी अविराज साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में औद्योगिक प्लांट का विरोध करते हुए कहा कि “विकास के नाम पर विनाश मंजूर नहीं, गांव की जमीन और ग्राम सभा के अधिकारों की अनदेखी नहीं होने देंगे।”

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *