रायपुर। डिजिटल पेमेंट को स्मार्टफोन से आगे बढ़ाते हुए PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए ‘PhonePe UPI 123 Pay’ लॉन्च करने की घोषणा की है। इस सुविधा के जरिए अब बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी कीपैड वाले बेसिक फोन से UPI पेमेंट किया जा सकेगा। कंपनी के मुताबिक, यह सेवा देशभर के 200 मिलियन से अधिक फीचर फोन यूजर्स को डिजिटल पेमेंट से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
PhonePe का दावा है कि वह 200 मिलियन से ज्यादा कीपैड फोन यूजर्स को UPI पेमेंट की सुविधा देने वाला पहला प्रमुख थर्ड-पार्टी एप्लिकेशन प्रोवाइडर (TPAP) बन गया है। कंपनी ने इसे वित्तीय समावेशन की दिशा में बड़ी पहल बताया है, जिससे अब तक स्मार्टफोन और इंटरनेट आधारित डिजिटल सेवाओं से दूर रहे लोगों को भी डिजिटल भुगतान की सुविधा मिल सकेगी।
समीर निगम बोले- डिजिटल पेमेंट को हर नागरिक तक पहुंचाना लक्ष्य
PhonePe के फाउंडर और CEO समीर निगम ने कहा कि UPI ने पिछले एक दशक में भारत में पेमेंट करने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि PhonePe UPI 123 Pay के जरिए डिजिटल पेमेंट की सुविधा को स्मार्टफोन से आगे बढ़ाकर देश के हर कोने तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत के लिए निर्माण का मतलब लोगों को उनकी भाषा और जरूरत के हिसाब से सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कंपनी का लक्ष्य अगले 30 करोड़ नए यूजर्स को डिजिटल फाइनेंशियल सिस्टम से जोड़ना है।
Nokia, HMD, Lava और itel फोन में मिलेगी सुविधा
PhonePe UPI 123 Pay की सुविधा शुरुआत में Nokia, HMD, Lava International और itel Mobile के चुनिंदा फीचर फोन में प्री-बंडल्ड उपलब्ध होगी। कंपनी के अनुसार, आने वाले महीनों में इसे अन्य मोबाइल हैंडसेट्स पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस सेवा के लिए PhonePe ने अपना प्रोप्रायटरी टेक्नोलॉजी स्टैक तैयार किया है, जिसे खास तौर पर फीचर फोन से UPI पेमेंट करने के लिए विकसित किया गया है।
2G नेटवर्क में भी हो सकेगा पेमेंट
PhonePe UPI 123 Pay को सीमित कनेक्टिविटी वाले इलाकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके लिए कंपनी ने SMS आधारित आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया है, जिससे सीमित 2G नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी ट्रांजेक्शन पूरा किया जा सकेगा।
यूजर्स मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए पीयर-टू-पीयर ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके अलावा UPI ID और QR कोड के जरिए मर्चेंट पेमेंट की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
बैंक अकाउंट से जुड़ी सुविधाएं भी मिलेंगी
सिर्फ पेमेंट ही नहीं, फीचर फोन यूजर्स इस सेवा के जरिए अपने बैंक अकाउंट से जुड़ी कई जानकारियां भी हासिल कर सकेंगे। इनमें बैंक बैलेंस चेक करना और पुराने पेमेंट्स देखना शामिल है।
कंपनी आने वाले अपडेट्स में बिल पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज और आधार आधारित UPI ऑनबोर्डिंग जैसी सुविधाएं भी जोड़ने की तैयारी कर रही है।
12 भारतीय भाषाओं में AI हेल्पलाइन
फीचर फोन यूजर्स को सेवा शुरू करने और एक्टिवेशन में सहायता देने के लिए PhonePe ने वॉइस-फर्स्ट AI-पावर्ड हेल्पलाइन भी शुरू की है। यह कन्वर्सेशनल वॉइस असिस्टेंट अंग्रेजी के साथ 12 भारतीय भाषाओं में सहायता प्रदान करेगा।
AI आधारित यह असिस्टेंट यूजर्स को स्टेप-बाय-स्टेप एक्टिवेशन गाइडेंस देगा और UPI से जुड़े सामान्य सवालों का जवाब भी देगा। कंपनी के मुताबिक, एडवांस्ड स्पीच प्रोसेसिंग और AI रीजनिंग तकनीक के जरिए यूजर्स को सरल और सुरक्षित अनुभव देने की कोशिश की गई है।
PhonePe UPI 123 Pay के लॉन्च से फीचर फोन रखने वाले करोड़ों लोगों के लिए बिना इंटरनेट डिजिटल भुगतान का रास्ता खुलने की उम्मीद है।