कांकेर । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कांकेर जिले के शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने के साथ सोलर प्लांट लगवाने के इच्छुक लोगों से आवेदन भी लिए जाएंगे।
इन जगहों पर होंगे शिविर
जिला पंचायत सीईओ एवं योजना के नोडल अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि योजना के तहत आवासीय परिसरों में सोलर प्लांट स्थापित करने के इच्छुक उपभोक्ता शिविर में पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।
- 1 सितंबर, मंगलवार: तहसील कार्यालय परिसर, नरहरपुर
- 2 सितंबर, बुधवार: न्यू कम्युनिटी हॉल, कांकेर
- 3 सितंबर, गुरुवार: नगर पंचायत चारामा, बस स्टैंड के बाजू स्थित गांधी मैदान
शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना की प्रक्रिया, पात्रता और मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी दी जाएगी।
सोलर प्लांट पर मिल रही आकर्षक सब्सिडी
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवासीय परिसरों में सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी का प्रावधान है। योजना के तहत:
- 1 किलोवाट सोलर प्लांट पर 45 हजार रुपये तक सब्सिडी
- 2 किलोवाट सोलर प्लांट पर 90 हजार रुपये तक सब्सिडी
- 3 किलोवाट सोलर प्लांट पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक सब्सिडी
प्रशासन ने सोलर प्लांट लगवाने के इच्छुक उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर संबंधित शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत करें।