नेपाल में बाढ़ के बीच मंडराया एक और खतरा, लेंडे नदी की झील टूटने की कगार पर; चीन ने जारी किया अलर्ट

काठमांडू। नेपाल में भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड से मची तबाही के बीच अब एक और खतरे ने चिंता बढ़ा दी है। चीन ने नेपाल को लेंडे नदी के ऊपरी हिस्से में बनी एक झील के कभी भी टूटने की चेतावनी दी है। चीन के मुताबिक, झील टूटने की स्थिति में नदी में अचानक भारी मात्रा में पानी आ सकता है, जिससे निचले इलाकों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

झील में जमा है 25 लाख घन मीटर पानी

चीन की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस प्राकृतिक झील में करीब 25 लाख घन मीटर पानी जमा हो चुका है। पानी का रंग लगातार गहरा होने को प्राकृतिक बांध पर बढ़ते दबाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। चीन ने आशंका जताई है कि झील का बांध टूटने पर नदी में अधिकतम 500 घन मीटर प्रति सेकंड पानी का बहाव हो सकता है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय को दी गई जानकारी

चीन ने झील से जुड़े संभावित खतरे की जानकारी नेपाल के विदेश मंत्रालय के साथ साझा की है। बताया गया है कि यह झील इसी सप्ताह नेपाल और तिब्बत में आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद बनी है। फिलहाल झील से पानी धीरे-धीरे ल्हेंदे खोला और त्रिशूली नदी की ओर बहना शुरू हो गया है, लेकिन प्राकृतिक बांध की मजबूती पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ड्रोन और सैटेलाइट से निगरानी

खतरे को देखते हुए चीन की ओर से ड्रोन और सैटेलाइट के जरिए इलाके की निगरानी की जा रही है। साथ ही निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों की नजर झील के जलस्तर और प्राकृतिक बांध की स्थिति पर बनी हुई है।

झील टूटी तो बढ़ सकती है तबाही

बताया गया है कि यह झील चीन की तरफ चोचेन नदी और नेपाल की तरफ पुरेपु नदी के संगम के पास बनी है। यदि प्राकृतिक बांध अचानक टूटता है तो बड़ी मात्रा में पानी नीचे की ओर तेजी से पहुंच सकता है। इससे पहले ही बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में नई मुसीबत खड़ी होने की आशंका है।

नेपाल में हालिया बाढ़ से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में लेंडे नदी पर बनी इस झील को लेकर जारी चेतावनी ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *