खेल प्रतिभाओं का होगा सम्मान: CM साय 82 खिलाड़ियों को देंगे राज्य खेल अलंकरण

रायपुर । हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 29 अगस्त को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान करेंगे। इसके साथ ही 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे से किया जाएगा।

तीन वर्षों की खेल प्रतिभाओं का होगा सम्मान

समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे अध्यक्षता

राज्य खेल अलंकरण समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।

इसके अलावा राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के सभी विधायक, महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों के योगदान को सम्मान देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *