रक्षाबंधन पर ‘विष्णु भैया’ को बहनों ने बांधी राखी, सीएम साय ने केरसई को दी विकास की कई सौगातें

रायपुर । रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र की बहनों से मुलाकात की। बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि सम्मान, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा, “आपने मुझे जो स्नेह और विश्वास दिया है, उसे बनाए रखना मेरा दायित्व है। आपका सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली मेरी जिम्मेदारी है।”

उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों का सशक्तिकरण परिवार और समाज की मजबूती का आधार है। महिलाओं के सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और खुशहाली से ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।

केरसई को मिली विकास कार्यों की सौगात

रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए कई विकास कार्यों की घोषणा की। घासीमुंडा में नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण और मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की गई।

इसके अलावा केरसई एवं घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों के जीर्णोद्धार, मुख्य मार्ग से अरुण के घर तक सीसी सड़क, ग्राम पंचायत कोहपानी के गढ़वामुड़ा यादव बस्ती में सामुदायिक भवन, घासीमुंडा में सामुदायिक भवन और ग्राम ऊपरकछार में महतारी सदन निर्माण की भी घोषणा की गई।

केरसई में लगभग 84.69 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया।

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के केंद्र में माताओं और बहनों का सम्मान तथा आर्थिक सशक्तिकरण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की करीब 68 लाख बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों, ड्रोन और अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर की बहनों को 50 ई-रिक्शा उपलब्ध कराए जाने से उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

किसान और गरीब परिवारों के हित में योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का काम भी जारी है।

उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के जरिए प्रदेशवासियों को धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से विकास को मिली गति

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के बाद प्रदेश के दूरस्थ और प्रभावित क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। बिजली, पानी, सड़क, राशन और दूरसंचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाना है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की दी जानकारी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें इस माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना का लाभ लेने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर पैनल लगवाने की अपील भी की।

जशपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। मेडिकल कॉलेज के साथ एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि जिलेवासियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *