भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता छात्रों का KTU शैक्षणिक भ्रमण, कुलपति बोले- सकारात्मक और निष्पक्ष लेखन से होगा समाज परिवर्तन

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। बस्तर अंचल से पहुंचे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं और मीडिया संस्थानों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कुलपति प्रो. मनोज दयाल से संवाद कर पत्रकारिता और जनसंचार के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

सकारात्मक पत्रकारिता से बनेगा सशक्त समाज

कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता समाज परिवर्तन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मीडिया के क्षेत्र में अपनी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने और समाचार पत्र, टेलीविजन, रेडियो तथा डिजिटल मीडिया का नियमित रूप से तुलनात्मक अध्ययन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम भी है। इसलिए भावी पत्रकारों को तथ्यों की जांच, निष्पक्षता और सकारात्मक दृष्टिकोण को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।

टीवी स्टूडियो से कम्युनिटी रेडियो तक का लिया अनुभव

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के टीवी स्टूडियो, कम्युनिटी रेडियो, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय सहित निर्माणाधीन एआई एवं मीडिया रिसर्च लैब का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

महर्षि वाल्मीकि कॉलेज के शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में पहुंचे विद्यार्थियों ने केटीयू के कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2 एफएम’ में अपने संदेश भी रिकॉर्ड किए। इस दौरान विद्यार्थियों ने जनसंचार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग के प्राध्यापकों और शोधार्थियों से मुलाकात कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

शोध और रचनात्मक गतिविधियों की भी मिली जानकारी

विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न सृजनात्मक क्लबों और शोध पीठों की कार्यप्रणाली को भी समझा। शिक्षकों और शोधार्थियों ने उन्हें मीडिया के बदलते स्वरूप, डिजिटल पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील शर्मा, सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और व्यावहारिक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की मीडिया सुविधाओं को करीब से देखने और विशेषज्ञों से संवाद करने से उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *