CM साय का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- ‘आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक समझती रही कांग्रेस’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी कांग्रेस की बैठक को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकार ने वास्तव में जनजातीय समाज के हितों और विकास की चिंता की है, तो वह भाजपा सरकार है।

मुख्यमंत्री साय ने भाजपा सरकार द्वारा आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अनुसूचित जनजाति समाज के लिए अलग मंत्रालय का गठन किया था। उन्होंने कहा कि आज द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं, जो पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव और सम्मान की बात है।

साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आदिवासी समाज को मिल रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम जनमन योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से दूरस्थ जनजातीय गांवों में सड़क, राशन कार्ड और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जनजातीय समाज अब सब कुछ समझ चुका है और वह किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है।

पेपर लीक मामले में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक की घटना पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

BJP की बैठकों पर भी दिया बयान

भाजपा की लगातार चल रही बैठकों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी में बैठकें लगातार होती रहती हैं। उन्होंने इसे संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा बताया।

दो दिवसीय जशपुर दौरे पर रवाना हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को दो दिवसीय जशपुर दौरे के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि प्रवास के दौरान वे अपने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री पंडरीपानी में स्टेट बैंक की नई शाखा का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा महतारी वंदन योजना के लिए तैयार भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा। दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *