महासमुंद में कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण, स्वच्छता-सुरक्षा और बेहतर पढ़ाई व्यवस्था के दिए निर्देश

महासमुंद । छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने मंगलवार को महासमुंद स्थित पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई, करियर, भोजन तथा रहन-सहन से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा भी मौजूद रहे।

चबूतरे पर बैठकर छात्राओं से की बातचीत

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री नेताम ने छात्रावास परिसर में चबूतरे पर बैठकर छात्राओं से आत्मीय चर्चा की। उन्होंने उनकी पढ़ाई, विषयों, परीक्षा की तैयारी और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा। छात्राओं से यह भी जाना कि वे आगे चलकर किस क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं।

मंत्री ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को पढ़ाई के लिए अनुकूल और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य, भोजन और बुनियादी सुविधाओं की जांच

मंत्री श्री नेताम ने छात्राओं के स्वास्थ्य और भोजन व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, बीमारी की स्थिति में उपचार, भोजन की गुणवत्ता और समय पर भोजन मिलने के संबंध में छात्राओं से जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने छात्रावास में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, अध्ययन कक्ष, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए और छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान

मंत्री ने कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि छात्राओं के अध्ययन और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां ऐसा वातावरण होना चाहिए, जिसमें छात्राएं स्वयं को सुरक्षित महसूस करें और बिना किसी परेशानी के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

उन्होंने अधिकारियों को छात्राओं की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने और छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और करियर को लेकर छात्राओं को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के अंत में मंत्री श्री नेताम ने छात्रावास की व्यवस्थाओं और छात्राओं के उत्साह पर संतोष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *