रायपुर । नवा रायपुर अटल नगर को देश की अग्रणी ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने सेक्टर-12 फेस-2 में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की 119.89 करोड़ रुपए की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना के तहत HIG और MIG श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर में आवास की बढ़ती मांग को देखते हुए इसी सेक्टर में आगामी चरण में 704 नए फ्लैट का निर्माण भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समय-सीमा से पहले गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बिना मांग के शुरू नहीं होगी नई आवासीय परियोजना
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि गृह निर्माण मंडल की कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। अब बिना मांग के किसी स्थान पर नई आवासीय परियोजना शुरू नहीं की जाएगी। किसी परियोजना में 60 प्रतिशत बुकिंग अथवा पहले तीन माह में 30 प्रतिशत बुकिंग होने के बाद ही टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाने की नीति अपनाई गई है। इससे मांग आधारित और व्यावहारिक आवासीय परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड को केवल आवास निर्माण तक सीमित न रहकर एक प्रोफेशनल संस्था के रूप में अपनी पहचान मजबूत करनी होगी। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बेहतर टाइल्स, फिटिंग्स और आधुनिक डिजाइन का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
704 नए फ्लैट का भी होगा निर्माण
मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने बताया कि सेक्टर-12 फेस-2 की शेष 29.20 एकड़ भूमि पर 348 HIG और MIG भवन बनाए जाएंगे। इनकी बेस विक्रय कीमत 45.70 लाख से 85.17 लाख रुपए तक निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि आगामी चरण में यहां 704 फ्लैट बनाए जाएंगे। इनमें 128 HIG, 320 MIG और 256 LIG श्रेणी के फ्लैट शामिल होंगे। इनकी प्रस्तावित बेस विक्रय कीमत 16.76 लाख से 40.47 लाख रुपए तक होगी।
RWA को मजबूत करने पर जोर
मंत्री श्री चौधरी ने हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को मजबूत करने और कॉलोनियों का समय पर हैंडओवर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के विकास और रखरखाव में सरकार के साथ रहवासियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक का हब बन रहा नवा रायपुर
मंत्री ने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर तेजी से शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और कॉन्फ्रेंस गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। यहां NIFT, NFSU, NIELIT, IIM, HNLU और IIIT जैसे संस्थान मौजूद हैं। साथ ही एआई डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर यूनिट जैसी परियोजनाएं शहर के विकास को नई गति दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर का लगभग एक-तिहाई क्षेत्र रिक्रिएशनल उपयोग के लिए विकसित किया गया है और 28 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में हरियाली है। सरकार का लक्ष्य इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने पीपल का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने के लिए पौधरोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी जरूरी है।
कार्यक्रम में गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव, सचिव श्री अंकित आनंद, आयुक्त श्री अवनीश शरण सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सेक्टर-12 के रहवासी और नए हितग्राही मौजूद रहे।