रायपुर । छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जाएगा। राजधानी रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाली यह लीग देश के किसी भी राज्य में आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी।
लीग के मुकाबले संभावित रूप से 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक खेले जाएंगे। हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर इसे प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
अरुण साव ने किया लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना और उन्हें देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने तथा उनसे सीखने का अवसर उपलब्ध कराना है।
श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। यह लीग राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव और प्रतिस्पर्धी वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
छह टीमें उतरेंगी मैदान में
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।
सभी टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। इसके बाद फाइनल मुकाबले के जरिए लीग के पहले चैंपियन का फैसला होगा।
‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ बनी टैगलाइन
लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है, जबकि आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की प्रगति और निरंतर आगे बढ़ने का प्रतीक है।
लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ी भाषा की यह टैगलाइन अपनत्व और आमंत्रण का संदेश देती है।
‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ नामक बाघ है। बघवा राज्य के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक होने के साथ साहस, शक्ति और निडरता का संदेश देता है। शुभंकर खिलाड़ियों की जुझारू भावना और मैदान पर अपना दबदबा कायम करने की आकांक्षा को भी दर्शाता है।
हॉकी इंडिया के अधिकारी संभालेंगे तकनीकी जिम्मेदारी
लीग के सभी मुकाबलों में अंपायर और तकनीकी अधिकारी हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त किए जाएंगे। इससे प्रतियोगिता में तकनीकी गुणवत्ता, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा निःशुल्क
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों को रोमांचक हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा।
खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इससे प्रदेशभर के खेलप्रेमियों और युवाओं के बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।
लॉन्चिंग कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक श्री प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष श्री फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।