केरल की केजिया लिज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026, 19 साल की उम्र में जीता ताज

जयपुर ।  केरल की 19 वर्षीय केजिया लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में देशभर से पहुंचीं प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद केजिया को विजेता चुना गया। उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मनिका विश्वकर्मा ने ताज पहनाया।

इस जीत के साथ केजिया लिज मेजो अब आगामी 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

वैष्णवी गणेश फर्स्ट, अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप

मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में देशभर से आए फाइनलिस्ट ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप बनीं।

टॉप-5 में वैष्णवी गणेश, तेजस्विनी श्रीवास्तव, केजिया लिज मेजो, अनुश्री सातवलेकर और अनुभा वशिष्ठ शामिल रहीं।

जीत के बाद भावुक हुईं केजिया

मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने के बाद केजिया ने इसे सिर्फ उपलब्धि नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।

केजिया ने कहा कि वह इस अवसर के जरिए भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की ताकत को दुनिया के सामने पेश करना चाहती हैं।

कौन हैं केजिया लिज मेजो?

केजिया लिज मेजो लॉ की छात्रा हैं और मॉडलिंग के साथ-साथ क्लासिकल डांस में भी रुचि रखती हैं। उनके माता-पिता के नाम मेजो अब्राहम और सुजा मेजो बताए गए हैं। वह फिलहाल बेंगलुरु में कानून की पढ़ाई कर रही हैं और कोच्चि से जुड़ी हुई हैं।

केजिया ने साल 2026 में मिस यूनिवर्स केरल का खिताब भी जीता था। इससे पहले वह मिस टीन इंटरनेशनल 2025 की फर्स्ट रनर-अप रह चुकी हैं। उन्होंने मिस टीन इंडिया का खिताब भी जीता और अंतरराष्ट्रीय टीन ब्यूटी पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

सोशल मीडिया पर भी एक्टिव

केजिया सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं। वह इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा करती रहती हैं। इसके अलावा वह मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर भी खुलकर अपनी बात रखती हैं।

अब मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज जीतने के बाद केजिया के सामने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की बड़ी जिम्मेदारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *