दिव्याश बौद्धिक दिव्यांग विद्यालय हिरमी में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, तिलक लगाकर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत

तिल्दा-नेवरा । दिव्याश बौद्धिक दिव्यांग विद्यालय हिरमी में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार से आत्मीय परिचय कराना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य राहुल सोनी एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन करने तथा विद्यालय में उपलब्ध शिक्षण सुविधाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अज्जू वर्मा, बिल्डर एवं सप्लायर रहे। वहीं डॉ. जैन कुमार साहू, वाणी एवं भाषा विशेषज्ञ, प्राचार्य राहुल सोनी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

विद्यार्थियों को बांटी गई पाठ्य पुस्तकें और शिक्षण सामग्री

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें और आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की गई। शिक्षण सामग्री मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को निखारने पर विशेष जोर दिया।

अतिथियों ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और सहयोग देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें विद्यालयी वातावरण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *