मुंबई/गोवा । बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी लंबे समय से पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ शादी कर ली है। दोनों ने 21 अगस्त को गोवा के नॉर्थ गोवा स्थित मापुसा में शादी का रजिस्ट्रेशन कराया। निजी समारोह में करीबी दोस्त मौजूद रहे।
8 साल से साथ थे अर्जुन और गैब्रिएला
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला वर्ष 2018 से साथ हैं। लंबे समय तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने अब अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से शादी का रूप दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने गोवा के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
शादी की प्रक्रिया के दौरान अर्जुन और गैब्रिएला कैजुअल कपड़ों में नजर आए। समारोह को बेहद निजी रखा गया और इसमें परिवार के सदस्यों व करीबी दोस्तों की मौजूदगी रही। विवाह गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत रजिस्टर किया गया।
दो बच्चों के माता-पिता हैं कपल
अर्जुन और गैब्रिएला के दो बेटे हैं। दोनों ने 2019 और 2023 में अपने बच्चों का स्वागत किया था। अर्जुन की पहली शादी से दो बेटियां भी हैं।
गैब्रिएला दक्षिण अफ्रीकी मॉडल और फैशन डिजाइनर हैं। अर्जुन ने दिसंबर 2025 में रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट पर गैब्रिएला के साथ अपनी सगाई की पुष्टि की थी।
गोवा में परिवार के साथ रहते हैं
अर्जुन और गैब्रिएला लंबे समय से गोवा में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। अभिनेता पहले भी बता चुके हैं कि उन्होंने अपने बेटों की परवरिश के लिए गोवा को चुना, क्योंकि यहां बच्चों को प्रकृति और खुले वातावरण के करीब रहने का मौका मिलता है।
आठ साल के रिश्ते के बाद शादी के बंधन में बंधे अर्जुन और गैब्रिएला की शादी की खबर सामने आने के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की ओर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।