रायपुर । महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री तथा बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं गति सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने कहा कि शासन और प्रशासन के बेहतर समन्वय से ही जिले का समग्र विकास संभव है। अधिकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का दौरा करें और कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।
किसानों को योजनाओं का समय पर मिले लाभ
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों, खाता विभाजन, सीमांकन और एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा की गई। मंत्री ने किसानों का एग्रीस्टेक एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद-बीज के भंडारण एवं वितरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा।
हर घर मुनगा रोपण पर जोर
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्रों में सुपोषण वृक्ष मुनगा के रोपण की समीक्षा करते हुए हर घर मुनगा लगाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण का अच्छा स्रोत है और इसे पोषण अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जाना चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि महिलाओं की आय बढ़ने के साथ परिवारों के पोषण स्तर में भी सुधार हो।
स्कूल भवनों की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन स्कूल भवनों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जर्जर भवनों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया। स्कूलों में सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी, स्वच्छता और नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य, पेयजल और आवास योजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, खराब हैंडपंपों के तत्काल सुधार तथा जल संरक्षण एवं जलसंचयन कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया। जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का चिन्हांकन और सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण और गौधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। मंत्री ने अधिक से अधिक पशुपालकों को इन योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
वन विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और ग्रामीणों को समय पर सचेत करने के लिए नियमित मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी, जबकि पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने अपराध नियंत्रण, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, विधायक प्रतिनिधि श्री बलवंत सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।