रायपुर । सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने विकसित भारत-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। कार्यों में लापरवाही या कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संभागायुक्त श्री दुग्गा ने शुक्रवार को संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में योजनाओं की संभागस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धियां, लंबित प्रकरणों और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।
छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव एवं विकसित भारत-जी राम जी के अपर आयुक्त श्री एस. आलोक ने जिलेवार आबंटित लक्ष्यों और प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
हर व्यक्ति और हर गांव तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
संभागायुक्त ने कहा कि सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति क्षेत्र है, इसलिए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के सीईओ को जनपद और मैदानी अमले के कार्यों की नियमित समीक्षा करने कहा गया।
मानव दिवस सृजन और जल संरक्षण को प्राथमिकता
बैठक में विकसित भारत-जी राम जी के तहत जुलाई और अगस्त माह में सृजित मानव दिवस तथा पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में मानव दिवस सृजन की स्थिति की समीक्षा की गई। कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने विद्यालयों में आवश्यकतानुसार शौचालय निर्माण, मुक्तिधामों में प्रतीक्षालय एवं शेड निर्माण तथा जल संरक्षण और जल संचयन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने कहा। वर्षा जल संरक्षण, भूजल स्तर बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, बोरवेल रिचार्ज कार्यों की स्वीकृति और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को 90 मानव दिवस का रोजगार उपलब्ध कराने की प्रगति की भी समीक्षा की।
अपूर्ण आवास जल्द पूरे करने के निर्देश
अपर आयुक्त श्री एस. आलोक ने विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया। वहीं संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विशेष परियोजना और पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण आवासों की जिलेवार स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने शेष आवासों की स्वीकृति सात दिवस के भीतर पूर्ण करने और अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। प्रथम किस्त के लंबित प्रकरणों और भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण को कहा गया।
मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
संभागायुक्त ने सिक्योर पोर्टल के माध्यम से कार्यों की स्वीकृति, ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की स्थिति, एसएनए-स्पर्श के माध्यम से भुगतान, पौधरोपण और एनएमएमएस के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति की समीक्षा की। लंबित ई-केवाईसी और शून्य प्रविष्टि वाले मस्टर रोल के मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आर-सेटी एवं आरएमटी के तहत प्रशिक्षण की स्थिति की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ दिलाने कहा।
संभागायुक्त श्री दुग्गा ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में गति, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ नियमित मैदानी निगरानी आवश्यक है। उन्होंने सभी जिला और जनपद पंचायतों के सीईओ को विकसित भारत-जी राम जी और आवास योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टीम भावना के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त श्री आर.के. खूंटे, सरगुजा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव, जशपुर सीईओ श्री अभिषेक कुमार, बलरामपुर सीईओ श्री आशुतोष चतुर्वेदी, एमसीबी सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, कोरिया सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।