धमतरी में फसल बीमा का नया रिकॉर्ड, पांच वर्षों में सर्वाधिक किसानों ने कराया बीमा

धमतरी । प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति धमतरी जिले के किसानों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। खरीफ 2026 में जिले के 80,920 किसानों ने 84,277.75 हेक्टेयर क्षेत्रफल का फसल बीमा कराया है। यह पिछले पांच वर्षों में जिले का सर्वाधिक आंकड़ा है।

पिछले वर्ष खरीफ 2025 में 71,572 किसानों ने 75,977.28 हेक्टेयर क्षेत्र का बीमा कराया था। इस वर्ष 9,348 अधिक किसानों ने फसल बीमा कराकर अपनी फसलों को प्राकृतिक आपदाओं और मौसम संबंधी जोखिमों से सुरक्षा प्रदान की है।

पांच वर्षों में सबसे अधिक किसानों ने कराया बीमा

जिले में वर्ष 2022 में 68,425, वर्ष 2023 में 73,264, वर्ष 2024 में 72,081, वर्ष 2025 में 71,572 तथा खरीफ 2026 में 80,920 किसानों ने फसल बीमा कराया। आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष किसानों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

राज्य शासन द्वारा किसानों को अनियमित वर्षा, सूखा, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक एवं मौसमीय जोखिमों से होने वाली फसल क्षति से सुरक्षा देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

गांव-गांव पहुंचकर किसानों को दी गई जानकारी

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा ग्राम स्तर पर शिविर आयोजित कर किसानों को योजना की जानकारी दी गई। शिविरों में किसानों को योजना की उपयोगिता, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, पंजीयन प्रक्रिया और अंतिम तिथि सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

किसानों की सुविधा के लिए चॉइस सेंटर, एडीसीसी बैंक सहित अन्य अधिकृत संस्थानों के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था की गई। बदलते मौसम और संभावित प्राकृतिक जोखिमों को देखते हुए किसानों को समय पर फसल बीमा कराने के लिए भी लगातार जागरूक किया गया।

फसल सुरक्षा को लेकर बढ़ी जागरूकता

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी फसलों की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच है, जो प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक राहत प्रदान करने में सहायक है।

खरीफ 2026 में रिकॉर्ड संख्या में किसानों का बीमा होना इस बात का संकेत है कि धमतरी के किसान अब मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से जुड़े जोखिमों के प्रति अधिक जागरूक होकर सुरक्षित और योजनाबद्ध कृषि की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *