रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड की केसरा (कसेरा) उद्वहन सिंचाई योजना के निर्माण कार्य के लिए 14 करोड़ 61 लाख 33 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। योजना के पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
केसरा उद्वहन सिंचाई योजना के निर्माण से करीब एक हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा। इससे स्थानीय किसानों को अपनी फसलों के लिए नियमित जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और कृषि उत्पादन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जल संसाधन विभाग द्वारा योजना के निर्माण कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूर्ण कराने के लिए मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग, रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
योजना के क्रियान्वयन से पाटन क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। कृषि क्षेत्र में पानी की उपलब्धता बढ़ने से किसानों को फसल उत्पादन में सुविधा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।