रणबीर शर्मा ने संभाला गरियाबंद कलेक्टर का पदभार, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगी प्राथमिकता

गरियाबंद । 2012 बैच के आईएएस अधिकारी श्री रणबीर शर्मा ने शुक्रवार को गरियाबंद जिले के नवनियुक्त कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने जिला कार्यालय में निवर्तमान कलेक्टर श्री बीएस उइके से कार्यभार संभाला। श्री उइके ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

श्री रणबीर शर्मा गरियाबंद जिले के 14वें कलेक्टर हैं। पदभार ग्रहण करने से पहले वे समाज कल्याण विभाग के संचालक के रूप में कार्यरत थे।

पदभार ग्रहण के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त कलेक्टर का स्वागत किया। कलेक्टर श्री शर्मा ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के साथ जिले में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रारंभिक जानकारी ली।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत और बेहतर क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और जिले के विकास की गति को और तेज किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों के साथ जिले की प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा भी की। पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर विभागवार कार्यों की जानकारी ली।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, श्री नवीन भगत सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *