मुख्यमंत्री साय ने चमोली हादसे के मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सहायता राशि की घोषणा की

रायपुर । उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की दुखद घटना में कोंडागांव जिले के चार श्रमिकों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा हादसे में घायल दो श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक की मृत्यु हुई है। वहीं जिले के दो श्रमिक घायल हुए हैं। दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल दोनों श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *