पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू

मुंगेली । केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने बुधवार को मुंगेली जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की।

श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री ने वीबी जी राम जी के अंतर्गत श्रमिकों के पंजीयन की जानकारी ली। उन्होंने सक्रिय श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन होने से उन्हें शासन की योजनाओं और रोजगार के अवसरों का लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की कार्ययोजना एवं स्वीकृति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से स्वीकृत कराने के निर्देश भी दिए।

पीएम आवास और पीएम जनमन योजना की समीक्षा

केंद्रीय राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और पीएम जनमन योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पूर्ण हो चुके आवासों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने तथा पीएम जनमन के तहत स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने को कहा।

उन्होंने जर्जर स्कूलों और आंगनबाड़ी भवनों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराने पर भी जोर दिया। बिहान योजना के बैंक लिंकेज, सामुदायिक शौचालयों की स्वच्छता, सामाजिक सहायता योजनाओं के पेंशन भुगतान और विशिष्ट दिव्यांगता आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता में न हो परेशानी

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साहू ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक खेती, खाद-बीज की उपलब्धता और पीएम किसान सम्मान निधि केवाईसी की जानकारी ली। उन्होंने जैविक खेती का रकबा बढ़ाने और किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को खाद और बीज प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान पशु रोग नियंत्रण, टीकाकरण, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम और मत्स्य संपदा योजना के तहत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

राशन कार्ड के लंबित मामलों का करें निराकरण

खाद्य विभाग की समीक्षा में पीएम उज्ज्वला योजना और राशन कार्ड से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी ली गई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने सभी पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। बैठक में एक जीवित व्यक्ति को मृत घोषित कर राशन कार्ड से नाम काटे जाने की शिकायत सामने आई। इस पर श्री साहू ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और भविष्य में नाम काटने से पहले उचित सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य और महिला बाल विकास योजनाओं पर भी जोर

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान रेडी-टू-ईट, वजन तिहार, आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति और सुकन्या समृद्धि योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित और बेहतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड और जनऔषधि केंद्रों के संचालन की जानकारी ली गई। उन्होंने जिले को टीबी मुक्त बनाने तथा स्वास्थ्य योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रभावी प्रयास करने कहा।

सड़क और जल संसाधन कार्यों में तेजी के निर्देश

केंद्रीय राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए 5 से 10 वर्ष पुरानी सड़कों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। जिन सड़क कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर आवागमन योग्य बनाने पर जोर दिया गया।

मनियारी जलाशय योजना के कमांड क्षेत्र के विकास, जल प्रबंधन और जलाशयों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। राजस्व विभाग के सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा जैसे मामलों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा और वन विभाग की भी हुई समीक्षा

शिक्षा विभाग की समीक्षा में स्कूलों में मध्यान्ह भोजन योजना को बेहतर बनाने, शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार और अधिकारियों को नियमित स्कूल निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। आदिवासी विकास विभाग की पीएम आदर्श ग्राम योजना, पीएम अजय योजना, पीएम कौशल विकास योजना और सीएसआर के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा हुई।

वन विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साहू ने जंगलों में अवैध कटाई पर प्रभावी रोक लगाने तथा सर्चिंग एवं कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आने वाली कमियों और समस्याओं का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाया जाएगा। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *