रायपुर । समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज मंत्रालय में समाज कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के वितरण, सियान गुड़ी एवं वृद्धाश्रमों में उपलब्ध सुविधाओं तथा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ जल्द मिल सके।
सियान गुड़ी और वृद्धाश्रमों में सुविधाओं पर विशेष जोर
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सियान गुड़ी एवं वृद्धाश्रमों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों को सम्मानजनक जीवन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश
श्रीमती राजवाड़े ने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के साथ मैदानी स्तर पर निरीक्षण भी किया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन की दिशा में सरकार समाज के प्रत्येक जरूरतमंद, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, संचालक श्री रणवीर शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।