रायपुर । मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) और लोक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नवा रायपुर में चलेंगी ई-बसें
बैठक में नवा रायपुर में कंप्लायंट बैटरी ऑपरेटेड मोटर एसी-ई बसों के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। ई-बसों के डिजाइन, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, परिचालन और संधारण के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने परियोजना के तकनीकी और क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी समिति के समक्ष रखी।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। समिति ने परियोजना की आवश्यकताओं और निर्माण कार्य से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की।
रायगढ़ और जांजगीर-चांपा की सड़क परियोजनाओं पर चर्चा
लोक निर्माण विभाग की ओर से रायगढ़ जिले में रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी विस्तार से विचार किया गया। लगभग 37 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से संबंधित तकनीकी पहलुओं की समीक्षा के साथ प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी अधिकारियों ने दी।
इसी तरह जांजगीर-चांपा जिले में लगभग 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। बैठक में परियोजना से जुड़े तकनीकी एवं निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव श्री भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री सारांश मित्तर, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार सहित लोक निर्माण, वित्त एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।