बलौदाबाजार | त्योहारी सीजन और बरसात के मौसम को देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित सात दिवसीय खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ के तहत होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान पूर्व में लिए गए गुड़ के नमूने की जांच में अवमानक पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। ज्ञानचंद एंड संस, सदर बाजार भाटापारा से लिए गए गुड़ के नमूने के अवमानक पाए जाने पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी द्वारा संबंधित फर्म पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
मंगलवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने लिटल बावर्ची रेस्टोरेंट, गार्डन चौक बलौदाबाजार और अंश होटल, अंबेडकर चौक से विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए। इनमें पनीर, आटा, मगज, फल्लीदाना और बासमती चावल शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
वहीं बरकती बिरयानी, अंबेडकर चौक बलौदाबाजार में जांच के दौरान रंगयुक्त चिकन फ्राई और चिकन चिल्ली पाए जाने पर करीब 5 किलोग्राम खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया और संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।
मिलावट पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें तथा खाद्य सामग्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें।