स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की विभागीय समीक्षा, दवाओं की उपलब्धता और अस्पतालों की स्वच्छता पर दिए सख्त निर्देश

रायपुर । स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति, अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से जिलेवार स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

बैठक में अस्पतालों की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने चिकित्सा उपकरणों के नियमित रखरखाव, स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति तथा मरीजों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। श्री जायसवाल ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुरूप प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक बेहतर एवं जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए गए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *