‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान: सूरजपुर के विद्यार्थियों को बालिका सुरक्षा, अधिकार और हेल्पलाइन की दी गई जानकारी

सूरजपुर |  बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत रामानुजनगर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परशुरामपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बालिकाओं के अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानून, शासन की योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन और नारा लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

बाल विवाह और महिला सुरक्षा पर हुई चर्चा

जागरूकता सत्र में घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, मासिक धर्म स्वच्छता और बाल विवाह जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। बाल विवाह से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों को इसके खिलाफ जागरूक रहने और बाल विवाह की जानकारी संबंधित माध्यमों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

विद्यार्थियों को 1098, 181, 112 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। आपात स्थिति, महिला एवं बाल सुरक्षा, घरेलू हिंसा तथा साइबर अपराध से जुड़ी समस्याओं में इन सेवाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त करने और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

योजनाओं और कानूनों की जानकारी

कार्यक्रम में नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना और सखी वन स्टॉप सेंटर सहित महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों के साथ साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

विद्यार्थियों की हुई कैरियर काउंसलिंग

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की कैरियर काउंसलिंग भी की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य का लक्ष्य निर्धारित करने, उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी रखने तथा अपने करियर के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जागरूकता संबंधी ब्रोशर का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण हब से वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ सुश्री फरजाना, जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती पूनम राजवाड़े, साइबर सेल से रॉय सिंह, विद्यालय के प्राचार्य श्री चन्द्र विजय सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *