बलौदाबाजार | ग्रामोद्योग संचालनालय हाथकरघा द्वारा स्वीकृत नवीन बुनाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को बलौदाबाजार स्थित देवांगन समाज भवन में शुभारंभ किया गया। जिला हाथकरघा कार्यालय द्वारा कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्री अशोक जैन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला हाथकरघा अधिकारी श्री अनिल सोम ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हाथकरघा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक भी है। विभाग बुनकरों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
चार माह चलेगा प्रशिक्षण
अधिकारी ने बताया कि नवीन बुनाई प्रशिक्षण की अवधि चार माह निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को बुनाई की बुनियादी जानकारी के साथ आधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। अब तक 20 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के लिए पंजीयन कराया है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बुनकरों को आधुनिक तकनीक, नए डिजाइन और बेहतर विपणन के तरीकों से जोड़ना है, ताकि उनके उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार तक पहुंच बेहतर हो सके। इसके साथ ही बुनकरों की आय बढ़ाने और ग्राम स्तर पर स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
स्वरोजगार और आय बढ़ाने की दिशा में पहल
प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को पारंपरिक बुनाई कौशल के साथ बदलते बाजार की जरूरतों के अनुरूप नई तकनीकों और डिजाइन की जानकारी दी जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने और बुनकर परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, जिला यादव समाज के पूर्व अध्यक्ष संतोष यादव, वार्ड पार्षद गौतम सिंह चौहान, रवि फेकर, प्रतिनिधि शशिभूषण शुक्ल, जिला हाथकरघा कार्यालय के सहायक विवेक प्रधान सहित शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिक और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।