रायपुर | वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने प्रदेश के 11 पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से सम्मानित हुए सभी पुलिस अधिकारियों को प्रदेश का गौरव बताया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस पदक पुलिस अधिकारियों की उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस का सम्मान है। इन अधिकारियों ने अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए प्रदेश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने विशेष रूप से बिलासपुर आईजी श्री राम गोपाल गर्ग और रायगढ़ एसपी श्री शशि मोहन को इस गौरवपूर्ण सम्मान के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों की उत्कृष्ट सेवाएं और प्रभावी नेतृत्व पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक हैं।
श्री ओपी चौधरी ने कहा कि सम्मानित पुलिस अधिकारियों का समर्पण और सेवा भावना प्रदेश के अन्य पुलिस जवानों एवं अधिकारियों को भी राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
वित्त मंत्री ने सभी पदक प्राप्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।