मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से अविनाश को मिला नया जीवन, डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार

रायपुर |   मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से जरूरतमंद परिवारों को लगातार सहायता मिल रही है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें वर्षों पुरानी शारीरिक समस्या से राहत मिली है।

अविनाश का रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार और ऑपरेशन किया गया। स्वस्थ होने के बाद अविनाश मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचे और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।

अविनाश ने मुख्यमंत्री को बताया कि उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। अब वे पहले की अपेक्षा बेहतर तरीके से चल-फिर पा रहे हैं और अपने दैनिक कार्य करने में सक्षम हैं। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जन्म से थी समस्या, आर्थिक स्थिति बनी बाधा

अविनाश नायक को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में हड्डी एवं मांसपेशियों के असामान्य विकास की समस्या थी। समय के साथ यह परेशानी बढ़ती गई, जिससे उन्हें चलने-फिरने और सामान्य जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

इलाज के लिए चिकित्सकों ने बड़े चिकित्सा संस्थान में उपचार कराने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। इसी बीच अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में अपनी समस्या रखकर सहायता की मांग की।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने की त्वरित पहल

अविनाश की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई की। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया, जहां डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका सफल ऑपरेशन किया गया।

सफल उपचार के बाद अविनाश अब सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं। लंबे समय से चली आ रही शारीरिक परेशानी से राहत मिलने पर उनके और उनके परिवार के चेहरे पर खुशी है।

अविनाश ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अविनाश ने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बड़े अस्पताल में इलाज कराना संभव नहीं था। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की मदद से उन्हें समय पर उपचार मिला और उनकी जिंदगी बदल गई।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, चिकित्सकों और प्रशासनिक सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

जरूरतमंदों के लिए भरोसे का केंद्र बना कैंप कार्यालय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कैंप कार्यालय लगातार संवेदनशील पहल कर रहा है।

अविनाश नायक की कहानी इस बात का उदाहरण है कि समय पर मिली सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधा से किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद लाई जा सकती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *