गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता कल से, 650 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 18 से 21 अगस्त तक किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों के लिए आवास, भोजन, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रतियोगिता में जिम्नास्टिक, क्रिकेट, ताइक्वांडो और कबड्डी जैसे खेलों के मुकाबले आयोजित होंगे।

जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का आयोजन जिम्नास्टिक हॉल गुरुकुल गौरेला, क्रिकेट मुकाबले फिजिकल कॉलेज मैदान पेंड्रा, ताइक्वांडो प्रतियोगिता जनपद सभागार पेंड्रा और कबड्डी के मुकाबले कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेंड्रा में आयोजित किए जाएंगे। संबंधित खेलों के लिए संयोजक और सह-संयोजकों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

650 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था

प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था की गई है। बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के लिए पाम गार्डन पेंड्रा एवं फिजिकल कॉलेज भवन पेंड्रा में व्यवस्था की गई है, जहां बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग से आने वाली लगभग 300 बालिका खिलाड़ियों के ठहरने की सुविधा रहेगी।

वहीं बालक वर्ग के खिलाड़ियों के लिए पाम गार्डन पेंड्रा एवं डाइट पेंड्रा में आवास व्यवस्था की गई है। यहां विभिन्न संभागों से आने वाले करीब 350 बालक खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इस प्रकार प्रतियोगिता में कुल 650 खिलाड़ियों के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को लेकर भी विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। मंच संचालन, अतिथियों का स्वागत, प्रतीक पुष्प, पेयजल एवं नाश्ता वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों और शिक्षकों को दायित्व सौंपे गए हैं।

उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। गाइड छात्राओं द्वारा अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी एवं आयोजन समिति के निर्देशन में खेल मैदानों की तैयारी, खिलाड़ियों के भोजन, आवास, पानी, मंच व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और जिले में खेल उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *