कोरिया की महिला समूहों ने स्थानीय संसाधनों से संवारी राखियां, 20 अगस्त से बाजार में मिलेंगे लोकल उत्पाद

कोरिया । रक्षाबंधन पर्व को लेकर कोरिया जिले में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने स्थानीय संसाधनों और अपनी रचनात्मकता से आकर्षक एवं डिजाइनर राखियां तैयार की हैं। इन लोकल उत्पादों के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में पहल की जा रही है।

जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मझगंवा की प्रगति महिला समूह और ग्राम पंचायत आमगांव की बजरंग महिला समूह की दीदियां इन दिनों राखियां तैयार करने में जुटी हैं। समूहों द्वारा तैयार राखियां आगामी 20 अगस्त से बैकुंठपुर मुख्यालय के स्थानीय बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।

स्थानीय सामग्री से तैयार हो रहीं राखियां

महिला समूहों की सदस्य धान, चावल, स्टोन और रेसीन सहित विभिन्न स्थानीय सामग्रियों का उपयोग कर सुंदर और आकर्षक राखियां बना रही हैं। इन उत्पादों में ग्रामीण संस्कृति, स्थानीय संसाधनों और महिलाओं के पारंपरिक हुनर एवं रचनात्मकता का बेहतर समन्वय देखने को मिल रहा है।

रक्षाबंधन बना महिलाओं के लिए आजीविका का अवसर

जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र श्रीवास ने बताया कि राखी निर्माण का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना, उनकी आय में वृद्धि करना और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराना है। महिला समूहों की सदस्य पूरे उत्साह के साथ राखियां तैयार कर रही हैं, जिन्हें बाजार में आकर्षक दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा।

‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से स्थानीय महिला समूहों द्वारा तैयार राखियां खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को अपनाने से महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनने में मदद मिलेगी। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना के साथ जिलेवासियों से इन लोकल उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *