बचेली । स्वतंत्रता दिवस की भावना और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एनएमडीसी बचेली परिसर स्थित एनएमडीसी डीएवी पब्लिक स्कूल में हैदराबाद रनर्स सोसाइटी के सहयोग से ‘फ्रीडम रन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया।
फ्रीडम रन में 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की मैराथन श्रेणियां रखी गई थीं। विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने दृढ़ संकल्प और ऊर्जा के साथ दौड़ लगाई। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाने और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में एनएमडीसी के मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख श्रीधर कोडाली, मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन) टी. शिवकुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) महेश एस. नायर, विभिन्न विभागों के प्रमुख, श्रमिक संघों के पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिवारजन शामिल हुए। इसके अलावा ग्रामीणों, अन्य जिलों से पहुंचे धावकों और स्थानीय लोगों ने भी दौड़ में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दौड़ ने लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के साथ सामुदायिक सहभागिता का भी संदेश दिया। प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
फ्रीडम रन के सफल आयोजन में एनएमडीसी बचेली के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और हैदराबाद रनर्स सोसाइटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।