महासमुंद में आधी रात वैद्य फूड पर छापा, 200 किलो पनीर जब्त; जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

महासमुंद । एनालॉग पनीर के निर्माण एवं विक्रय पर प्रतिबंध के उल्लंघन की आशंका को लेकर राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में बीती देर रात दबिश दी। करीब तीन घंटे चली जांच के दौरान लगभग 200 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया।

रात्रि करीब 12 बजे संयुक्त टीम वैद्य फूड पहुंची। जांच के दौरान मौके पर मध्यरात्रि में पनीर का निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। पनीर की गुणवत्ता और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर अधिकारियों ने मौके से लगभग 200 किलो पनीर जब्त किया।

टीम ने खाद्य सामग्री और पनीर निर्माण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी संकलित की। इसके बाद आज सुबह विभाग द्वारा सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को नियमानुसार खोलकर वहां रखी खाद्य सामग्री की जांच की गई।

जांच के लिए पनीर का नमूना भेजा

खाद्य सामग्री की पुष्टि और गुणवत्ता परीक्षण के लिए पनीर का नमूना लिया गया है। इसे जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।

रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

अभिहित अधिकारी श्री उमेश कुमार ने बताया कि जब्त पनीर का नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं संबंधित प्रावधानों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा प्रतिबंधित या मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *