रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लोकभवन में नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड, रायपुर द्वारा संचालित प्रेरणा गुरुकुलम विद्या पीठम की नेत्रहीन छात्राओं को स्मार्ट स्टिक प्रदान की। स्मार्ट स्टिक छात्राओं को सुरक्षित और आत्मनिर्भर तरीके से आवागमन में सहायता करेगी।
इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी और राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना उपस्थित रहे।
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को समान अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से नेत्रहीन विद्यार्थियों के जीवन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकता है।
राज्यपाल ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी सुविधाओं का उपयोग दिव्यांगजनों के लिए अवसरों को और व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
स्मार्ट स्टिक मिलने से नेत्रहीन छात्राओं को आवागमन में अधिक सुविधा और सुरक्षा मिलेगी, जिससे वे आत्मनिर्भरता के साथ अपने दैनिक कार्यों को पूरा कर सकेंगी।