भारी बारिश के बीच 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा, मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े हुईं शामिल

सूरजपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सूरजपुर जिला मुख्यालय में भारी बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े यात्रा में शामिल हुईं। 500 मीटर लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत संयुक्त जिला कार्यालय से हुई। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यात्रा रंगमंच मैदान पहुंची। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा सूरजपुर देशभक्ति के रंग में रंग गया। तेज बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल रहे।

तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक : लक्ष्मी राजवाड़े

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ-साथ भारत की एकता, संप्रभुता और अखंडता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें उन वीर जवानों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा में वीर सपूतों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान

मंत्री ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग देश और समाज की प्रगति के लिए करें। उन्होंने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता कर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की।

तिरंगा यात्रा में विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, पूर्व विधायक श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजलाल राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और आमजन उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *