‘हम भी अग्नि हैं’ के संकल्प के साथ प्रकाश विद्यालय के बच्चों ने निकाली तिरंगा रैली, गूंजे देशभक्ति के नारे

किरंदुल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किरंदुल स्थित प्रकाश विद्यालय के नौनिहालों ने ‘हम भी अग्नि हैं’ के संकल्प के साथ भव्य स्वतंत्रता रैली निकाली। रैली में बच्चों के हाथों में तिरंगा और दिलों में देशभक्ति का जज्बा नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।

रैली की शुरुआत विद्यालय प्रांगण से हुई। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासित कतारों में मार्च किया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “लहू हमारा देश के लिए बहता है” जैसे जोशीले नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देश के वीर सपूतों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान और बलिदान को याद किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और नारों ने कार्यक्रम को और भी भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी बना दिया।

रैली के माध्यम से बच्चों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री दिलीप देशमुख, उपप्राचार्य श्री टी. मैथ्यू, सिस्टर मार्गरेट सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने बच्चों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *