रायपुर | स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के भाव से ओतप्रोत तिरंगा यात्रा का आयोजन लोरमी क्षेत्र में किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में निकली इस भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और नागरिक शामिल हुए। मोटर साइकिल से निकली यात्रा के दौरान गांव-गांव में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोरमी के पुराना बस स्टैंड तहसील चौक झंझपुरी से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा डोंगरिया, उरईकछार, अखरार, सारिसताल, धनियाडोली, अमलडीही, गोड़खाम्ही और बोड़तराकला सहित कई गांवों से होते हुए दाऊकापा पहुंची। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगे की शान और देशप्रेम का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा हरदी, खेकतरा और खैरवार होते हुए दाऊकापा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सभी नागरिकों की भागीदारी का संकल्प लिया।
लोरमी नगर में भी निकली तिरंगा यात्रा
लोरमी नगर में भी उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मानस मंच से शुरू हुई यात्रा मुंगेली चौक, हटरी चौक, नया बस स्टैंड, गुरुद्वारा चौक और पुराना बस स्टैंड से होकर गुजरी। इस दौरान पूरा नगर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भागीदारी की।
वीर शहीदों के सपनों का भारत बनाने का आह्वान
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा वीर शहीदों को नमन करने और उनके बलिदान को याद करने का अवसर है। यह यात्रा भारत माता के सम्मान और घर-घर देशभक्ति का संदेश पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि वीर शहीदों के सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और सभी नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से भारत नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
तिरंगा यात्रा में लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुश्री रत्ना काटले, श्रीमती अनिता साहू, श्री धनीराम यादव, श्री ज्योतिनंदन दुबे सहित पार्षदगण, एल्डरमैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।