सिंचाई योजनाओं के 36 कार्यों के लिए 5 करोड़ की मंजूरी, छह जिलों में मजबूत होगा जल संसाधन तंत्र

रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संसाधन अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न सिंचाई योजनाओं के 36 कार्यों हेतु 5 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। ये कार्य अपरीक्षित नवीन मद के अंतर्गत कराए जाएंगे।

स्वीकृत कार्यों में एनीकट निर्माण, स्टॉपडेम, जलाशयों का जीर्णोद्धार, नहरों का उन्नयन, सीसी चैनल निर्माण और सिंचाई व्यवस्था के विस्तार से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कई जिलों में होंगे सिंचाई विकास कार्य

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में खरला एनीकट, झिरियानाला स्टॉपडेम, खटम्बर व्यपवर्तन योजना के नहर उन्नयन एवं सीसी चैनल निर्माण, कोडांगी व्यपवर्तन योजना के नहरों का जीर्णोद्धार, कौड़िया एनीकट तथा गुडरू व्यपवर्तन योजना के शीर्ष एवं नहर उन्नयन कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

कोरिया जिले में सलबा जलाशय में बांध एवं नहर उन्नयन, चम्पाझर जलाशय में नहर उन्नयन और मुरमा जलाशय में बांध एवं नहर उन्नयन कार्यों को मंजूरी दी गई है।

सूरजपुर जिले में कल्याणपुर, बद्रिकाश्रम, पसला, जामडीह और गंगोटी जलाशय योजनाओं के नवीनीकरण सहित डांडकरवां एनीकट और मायापुर-2 जलाशय योजना के कार्यों को स्वीकृति मिली है।

बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर में भी होंगे कार्य

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में चरगढ़ नाला स्टॉपडेम, कामेश्वरनगर जलाशय, बाहरचुरा बांध जीर्णोद्धार एवं नहर मरम्मत, जरहाडी नाला एनीकट, अलखडीहा जलाशय और भुरसाटोली जलाशय योजना के कार्य शामिल हैं।

सरगुजा जिले में बोदार नाला स्टॉपडेम कम काजवे, बकमेर स्टॉपडेम कम काजवे, चन्दनई व्यपवर्तन योजना का नवीनीकरण, कंचनपुर जलाशय की नहरों का जीर्णोद्धार, लेदराडांड करोवापारा व्यपवर्तन योजना, मांड नदी भण्डारडांड एनीकट निर्माण और सरमना सिंचाई सुधार एवं विस्तार एनीकट निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है।

जशपुर जिले में लुखी और हर्री जलाशय योजना निर्माण, ग्राम पंचायत दाराखारिया में छठघाट निर्माण, पायर पखना सुकबासुपारा बारो स्टॉपडेम, कुनकुरी कार्यालयीन भवन एवं परिसर निर्माण, तुम्बाजोर व्यपवर्तन योजना तथा पत्थलगांव जल संसाधन उप संभाग कार्यालय भवन एवं आवासीय भवनों के उन्नयन कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई है।

जल संसाधन विभाग मंत्रालय, महानदी भवन द्वारा इन कार्यों के लिए मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से सिंचाई क्षमता बढ़ाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *