अंबिकापुर । स्वतंत्रता दिवस के पूर्व अंबिकापुर जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम केदमा में राष्ट्रभक्ति, विकास और महिला सशक्तिकरण का संगम देखने को मिला। गांव में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री एवं अंबिकापुर विधायक श्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामीणों को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। मंत्री श्री अग्रवाल ने 2 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण किया तथा महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान कर दिया। महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
महिलाओं की सशक्त भागीदारी से मजबूत होगा समाज
महतारी सदन के भूमिपूजन अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि हमारी माताएं-बहनें जितनी सशक्त होंगी, छत्तीसगढ़ उतना ही समृद्ध और मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। महिलाओं को बेहतर सुविधाएं, अवसर और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना विकास प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया, वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों की सौगात ने ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई उम्मीद जगाई है।
2.42 करोड़ के विद्युत सब-स्टेशन से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्राम केदमा में 2 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके शुरू होने से क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर विद्युत आपूर्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू जरूरतों के साथ शिक्षा, कृषि, छोटे व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि विकास की मूलभूत सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि मजबूत अधोसंरचना के साथ गांवों तक भी पहुंचें।
महतारी सदन बनेगा महिलाओं के लिए उपयोगी मंच
ग्राम केदमा में महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। यह सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए बैठकों, प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों, सामुदायिक गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि महतारी सदन से महिला समूहों को अपनी गतिविधियों के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा और महिलाओं की सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा। शासन की महिला केंद्रित योजनाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों के संचालन में भी यह सदन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने क्षेत्र की मातृशक्ति को महतारी सदन की सौगात के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
तिरंगे के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश
तिरंगा यात्रा में शामिल होकर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण आज देशवासी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत करने के साथ समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। केदमा की तिरंगा यात्रा भी इसी राष्ट्रभावना की सशक्त अभिव्यक्ति है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों की सौगात के लिए शासन और मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।