दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना के बाद तिरंगा यात्रा का शुभारंभ, विजय शर्मा ने 211 शहीद जवानों को किया नमन

रायपुर । तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन उपमुख्यमंत्री एवं वन मंत्री श्री विजय शर्मा तथा वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद दंतेवाड़ा बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के 211 वीर बलिदानी जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के अमूल्य सहयोग से क्षेत्र में नक्सलवाद के खात्मे का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा उन इलाकों से होकर गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना भी मुश्किल था। आज उन्हीं क्षेत्रों में पूरे गौरव और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है। उन्होंने इसे बस्तर में बदलते हालात और राष्ट्रभक्ति के नए वातावरण का प्रतीक बताया।

वन मंत्री ने की हर घर तिरंगा लगाने की अपील

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपने घरों में तिरंगा लगाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की।

सांसद ने बताया ऐतिहासिक गर्व का क्षण

बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा ऐसे क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया और नक्सल आतंक के कारण आम लोगों का पहुंचना कठिन था। उन्होंने कहा कि आज इन क्षेत्रों में विकास और राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम में विधायक श्री चौतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, बस्तर आईजी श्री बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथ वाय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *