किरंदुल। आजादी के अमृत महोत्सव अभियान के तहत प्रदेश एवं जिला संगठन के निर्देशानुसार भाजपा मंडल द्वारा राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम में भारतीय सेना के पूर्व सैनिक दीनार्थो पान एवं सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भारत माता की वेशभूषा में नमिता एवं सुष्मिता पासवान तथा कोड़ेनार पंचायत स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सोढ़ी, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, कोड़ेनार सरपंच मीना मंडावी, मंडल महामंत्री विक्रम नाहक, मोहित धवन, आरसी नाहक, जयदीप माकन, भारतीय मजदूर संघ के बी. दिल्ली राव, राजेन्द्र यादव सहित भाजपा, भारतीय जनता युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जयघोष से गूंजा किरंदुल
तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “हर घर तिरंगा-घर घर तिरंगा” के जयघोष से पूरी लौहनगरी राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं और बच्चों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान लोगों में देश के प्रति समर्पण और गौरव की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।