रायपुर दंत चिकित्सा महाविद्यालय में नशामुक्ति की शपथ, युवाओं ने लिया स्वस्थ समाज बनाने का संकल्प

रायपुर । शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ एवं ‘मिशन स्पंदन’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने हाथ आगे बढ़ाकर जीवनभर नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता और सहयोग के लिए महाविद्यालय प्रशासन को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। वहीं उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों ने ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा’ से संबंधित पोस्टर एवं पम्फलेट प्रदर्शित कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के प्रतिनिधियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में नशामुक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया और उपस्थित लोगों ने स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *