रायपुर । स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी रायपुर में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और तिरंगा फहराएंगे। समारोह से पहले गुरुवार को पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जा रही है, जिसमें परेड, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
17 टुकड़ियां दिखाएंगी कदमताल
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में कुल 17 टुकड़ियां शामिल होंगी। BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB की टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेकर सलामी देंगी। खास बात यह है कि इस बार बिहार पुलिस की टुकड़ी भी परेड का हिस्सा बनेगी।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष एवं महिला टुकड़ियों के साथ जेल पुलिस, नगर सेना और NCC की टुकड़ियां भी परेड में शामिल रहेंगी। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सभी टुकड़ियां निर्धारित कार्यक्रम और परेड क्रम के अनुसार अभ्यास कर रही हैं।
घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड रहेगा आकर्षण
स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड की टीम अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन करेगी, जबकि घुड़सवार दल की प्रस्तुति भी दर्शकों का ध्यान खींचेगी।
IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे परेड की कमान
15 अगस्त को होने वाली परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे। वहीं निशांत कुमार कुर्रे परेड कमांडर-2IC की जिम्मेदारी निभाएंगे। रिहर्सल के दौरान सभी टुकड़ियां परेड के निर्धारित क्रम, अनुशासन और अन्य बारीकियों का अभ्यास कर रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप
मुख्य समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है। समारोह स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य 15 अगस्त के मुख्य समारोह को भव्य, व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से संपन्न कराना है।