बस्तर में गूंजी देशभक्ति की गूंज, विजय शर्मा और केदार कश्यप के नेतृत्व में बारसूर पहुंची तिरंगा बाइक

रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के पूर्व बस्तर में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। बस्तर तिरंगा यात्रा के तहत नारायणपुर से शुरू हुई बाइक तिरंगा यात्रा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में बुधवार को बारसूर पहुंची। यहां जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

शहीदों को श्रद्धांजलि, पौधारोपण भी

यात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने हाथों में तिरंगा लेकर बाइक रैली में हिस्सा लिया। दोनों नेताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में पौधारोपण किया। इसके साथ ही शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया गया।

बस्तर में शांति और विकास का संदेश

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर तिरंगा यात्रा केवल तिरंगा यात्रा नहीं, बल्कि शांति, विकास और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं ने इस पहल की अगुवाई की है और समाज के हर वर्ग को इसमें भागीदारी करनी चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। शर्मा ने कहा कि पहले नक्सलवाद के कारण कई गांवों में राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराना मुश्किल होता था, लेकिन अब लोग गर्व के साथ अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगा रहे हैं। उन्होंने इसे बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में बड़ा बदलाव बताया।

नक्सलवाद के खिलाफ सफलता का दावा

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार की इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षेत्र में विकास और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है।

14 अगस्त तक जारी रहेगी यात्रा

बाइक तिरंगा यात्रा तीन दिनों में बस्तर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरेगी।

  • 12 अगस्त: नारायणपुर से धौड़ाई, कन्हारगांव, कोडेनार, बोदली, सातधार, बारसूर और गीदम होते हुए दंतेवाड़ा।
  • 13 अगस्त: दंतेवाड़ा से कुआकोंडा, सुकमा, जगरगुंडा, सिलगेर, टेकलगुड़ेम और आवापल्ली होते हुए बीजापुर।
  • 14 अगस्त: बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए करेगुट्टा पहाड़ी में यात्रा का समापन।

कार्यक्रम में विधायक चौतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, बस्तर आईजी बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथा वाय, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित प्रशासनिक अधिकारी, सुरक्षा बलों के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *