बलरामपुर को बड़ी सौगात: जल्द खुलेगा रेलवे रिजर्वेशन काउंटर, मंत्री रामविचार नेताम की पहल पर रेल मंत्री ने दी सहमति

रायपुर । बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के लोगों की लंबे समय से चली आ रही रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की मांग जल्द पूरी होने की उम्मीद है। आदिम जाति एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने की मांग रखी।

मंत्री नेताम ने केंद्रीय रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए बताया कि जिले में रेलवे आरक्षण की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों सहित हजारों यात्रियों को टिकट बुक कराने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे लोगों को अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता है।

रेल मंत्री ने दिया जल्द सुविधा शुरू करने का आश्वासन

मंत्री नेताम की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सहमति जताते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिला मुख्यालय में रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने से लोगों को रेलवे टिकट के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

लंबे समय से उठ रही थी मांग

मंत्री नेताम ने कहा कि बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र के नागरिक और जनप्रतिनिधि लंबे समय से रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की मांग कर रहे हैं। बढ़ती आबादी, यात्रियों की जरूरत और क्षेत्र में बढ़ती आवागमन की आवश्यकताओं को देखते हुए यह सुविधा बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि काउंटर शुरू होने से जिले के हजारों यात्रियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर रेलवे सेवा मिलेगी और यात्रा आरक्षण की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *