किसानों की समृद्धि से समृद्ध होगा छत्तीसगढ़: CM साय बोले- अन्नदाता की आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

रायपुर । हरेली तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास के गृह प्रवेश एवं हरेली उत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने मंत्री व उनके परिवार को गृह प्रवेश की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों को हरेली पर्व की बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान छत्तीसगढ़ की प्रगति की धुरी हैं और उनकी समृद्धि में ही प्रदेश की समृद्धि निहित है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।

3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। इसके साथ ही सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि यंत्रीकरण और आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा और गांवों की मजबूती से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को गति मिलेगी।

हरेली कृषि संस्कृति और प्रकृति से जुड़ा पर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा लोकपर्व है। इस दिन किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर अच्छी बारिश, बेहतर फसल और खुशहाली की कामना करते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी प्रदेशवासियों को हरेली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पर्व के साथ छत्तीसगढ़ में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होता है। उन्होंने अच्छी बारिश के बीच बेहतर फसल और किसानों के घरों में खुशहाली की कामना की।

राम भजन से भक्तिमय हुआ माहौल

कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की प्रस्तुति दी, जिससे समारोह का वातावरण भक्तिमय हो गया। उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने भजन का आनंद लिया।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मंत्री वर्मा के परिजन मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *