हरेली पर हरित जीपीएम का संकल्प, मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया पौधरोपण; जिले में रोपे गए 3.36 लाख से अधिक पौधे

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने हरेली तिहार के अवसर पर डोंगरिया के चारागाह स्थल में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। उन्होंने ‘हरित जीपीएम अभियान’ के तहत जिले में 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधों के रोपण की पहल की सराहना की।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय वृक्षारोपण एवं हरेली उत्सव की शुरुआत पारंपरिक कृषि यंत्र नागर और कोपर की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद चारागाह स्थल पर पौधरोपण किया गया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हरेली की हरियाली को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर जोर

मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि, प्रकृति और लोकजीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर जनभागीदारी से बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर जिले को हरा-भरा बनाने की पहल सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण विरासत तैयार करेंगे। उन्होंने रोपित पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

गांव से शहर तक चला ‘हरित जीपीएम अभियान’

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने बताया कि अभियान में ग्राम पंचायतों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, छात्रावासों, आश्रमों, स्वास्थ्य केंद्रों और शासकीय परिसरों सहित विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया है।

गौठानों, चारागाहों, सड़क एवं नदी किनारे, अमृत सरोवरों तथा प्रधानमंत्री आवास परिसरों में भी पौधे लगाए गए। अभियान के तहत जिले में 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया है।

फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण

अभियान में आम, जामुन, अमरूद, नींबू, मुनगा, कटहल, आंवला, महुआ, सीताफल, बांस, हर्रा, बहेरा और करंज सहित विभिन्न फलदार, औषधीय और वानिकी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इससे जिले के हरित आवरण और जैव विविधता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पौधों की सुरक्षा का लिया सामूहिक संकल्प

विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षण देने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने रोपित पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। हरेली के इस आयोजन ने कृषि एवं लोकपरंपरा को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए ‘हरित जीपीएम’ के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने की पहल को नई गति दी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *