रायपुर । छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और नारी सशक्तिकरण की प्रखर आवाज मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने मिनीमाता जी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मिनीमाता जी ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और महिलाओं तथा समाज के कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद के रूप में मिनीमाता जी का सार्वजनिक जीवन प्रदेश की महिलाओं के लिए प्रेरणादायी रहा है। उनका संघर्ष, सेवा भावना और जनकल्याण के प्रति समर्पण आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है।
श्री ओपी चौधरी ने कहा कि मिनीमाता जी के आदर्शों और विचारों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक न्याय, समानता और नारी सम्मान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।